स्ट्रोक और डिमेंशिया

स्ट्रोक (आघात, पक्षाघात, सदमा, stroke) का नाम तो बहुत लोग जानते हैं पर शायद वे यह नहीं जानते कि हर चार लोगों में से एक को अपने जीवन काल में स्ट्रोक होगा। विश्व-भर में गैर-संचारी रोगों से हुई मृत्यु के कारणों में स्ट्रोक दूसरे स्थान पर है (पहले स्थान पर हार्ट-अटैक है, और स्ट्रोक और हार्ट-अटैक दोनों ही कार्डियो-वासकुलर श्रेणी के रोग हैं)। और यही नहीं, स्ट्रोक के बाद जिंदा रहने वाले कई लोग फिर से पहले जैसे नहीं हो पाते – शारीरिक रूप से, मानसिक रूप से – और अपने पहले की दिनचर्या पर नहीं लौट पाते। कुछ लोगों को स्ट्रोक के बाद स्ट्रोक-सम्बंधित डिमेंशिया (मनोभ्रंश, dementia) हो सकता है; एक अनुमान के हिसाब से करीब एक-तिहाई स्ट्रोक उत्तरजीवी को स्ट्रोक-संबंधित डिमेंशिया होगा। वाकई में, स्ट्रोक एक गंभीर बीमारी है…

पर यह भी सच है कि जीवनशैली के बदलाव से स्ट्रोक से बचा जा सकता है – एक अनुमान है कि 84% स्ट्रोक केस 23 परिवर्तनीय जोखिम कारक से संबंधित हैं, जिन को हम कम कर सकते हैं। और स्ट्रोक हो भी तो, उसकी तुरंत पहचान करें और अस्पताल ले जाएं तो ठीक होने की संभावना अधिक होती है।

इस संदर्भ में इस पृष्ठ पर देखें स्ट्रोक पर कुछ आवश्यक, उपयोगी जानकारी।

इस पोस्ट में:

स्ट्रोक क्या है, क्यों होता है, और इस के लक्षण क्या हैं।

मस्तिष्क के ठीक काम करने के लिए यह जरूरी है कि उस में खून की सप्लाई ठीक रहे। इस काम के लिए हमारे मस्तिष्क में रक्त वाहिकाओं (खून की नलिकाएं, blood vessels) का एक जाल (नेटवर्क) है, जिसे वैस्कुलर सिस्टम कहते है। ये रक्त वाहिकाएं मस्तिष्क के हर भाग में आक्सीजन और जरूरी पदार्थ पहुंचाती हैं।

जब स्ट्रोक होता है, तो इस रक्त प्रवाह में रुकावट होती है। इस के दो मुख्य कारण हैं।

  • अरक्तक आघात, इस्कीमिया (ischemia): रक्त का थक्का (clot) किसी रक्त वाहिका को बंद कर सकता है, जिस से मस्तिष्क के कुछ भाग में रक्त नहीं पहुँच पाता। अधिकाँश स्ट्रोक के केस इस प्रकार के होते हैं।
  • रक्तस्रावी आघात (हेमरेज, haemorrhage) : कोई रक्त वाहिका फट सकती है, जिस से खून वाहिका के बाहर जमा होने लगता है। इस के दो प्रकार हैं – इंट्रासेरेब्रल हेमरेज (जिसमें रक्त मस्तिष्क के टिशू के अंदर जमा होता है), और सब-एराक्नोइड हेमरेज (जिसमें रक्त दिमाग के टिशू के बाहर, लेकिन खोपड़ी के अंदर जमा होता है)।

खून सप्लाई में कमी के कुछ कारण का यह चित्रण देखें।

स्ट्रोक से हुई हानि इस पर निर्भर है कि मस्तिष्क के किस भाग में और कितनी देर तक रक्त ठीक से नहीं पहुँच पाया था । यदि कुछ मिनट तक रक्त नहीं पहुँच पाता है, तो प्रभावित भाग में मस्तिष्क के सेल मर सकते हैं। इस को इनफार्क्ट या रोधगलितांश कहते हैं।

स्ट्रोक के लक्षण अकसर अचानक ही, या कुछ ही घंटों के अन्दर पेश होते हैं। ये हैं:

  • एक तरफ के चेहरे और हाथ-पैर का सुन्न होना/ उनमें कमजोरी, चेहरे के भाव पर, और अंगों पर नियंत्रण नहीं रहना।
  • बोली अस्पष्ट होना, बोल न पाना, दूसरों को समझ न पाना।
  • एक या दोनों आँखों से देखने में दिक्कत।
  • चक्कर आना, शरीर का संतुलन बिगड़ना, चल-फिर न पाना।
  • बिना किसी स्पष्ट कारण के तीव्र सर-दर्द होना।

एक खास स्थिति है “मिनी-स्ट्रोक” (mini stroke) जिसए अस्थायी स्थानिक अरक्तता, अल्प आघात, ट्रांसिएंट इस्कीमिक अटैक्स, या TIA भी कहते हैं। इस में लक्षण कुछ ही देर रहते हैं, क्योंकि रक्त सप्लाई में हुई रुकावट खुद दूर हो जाती है। इस मिनी-स्ट्रोक का असर तीस मिनट से लेकर चौबीस घंटे तक रहता है। व्यक्ति को कुछ देर कुछ अजीब-अजीब सा लग सकता है, पर वे यह नहीं जान पाते कि यह कोई गंभीर समस्या है। कुछ लोगों में ऐसे मिनी स्ट्रोक बार बार होते हैं, पर पहचाने नहीं जाते। कुछ केस में ऐसे मिनी स्ट्रोक के थोड़ी ही देर बाद व्यक्ति को बड़ा और गंभीर स्ट्रोक हो सकता है।

स्ट्रोक पुरुषों और महिलाओं, दोनों में होता है। हालांकि इसका जोखिम उम्र के साथ बढ़ता है, पर यह 15 – 49 आयु वर्ग में भी देखा जाता है, और इसके काफी सारे केस 70 साल से कम उम्र के लोगों में होते हैं।

नोट: कुछ लोग स्ट्रोक और दिल के दौरे में कन्फ्यूज होते हैं। स्ट्रोक और दिल का दौरा, दोनों ही रक्त के प्रवाह से संबंधी रोग हैं और हृदय तथा रक्तवाहिकाओं संबंधी रोग (यानि कि कार्डियोवास्कुलर रोग, cardiovascular disease) की श्रेणी में आते हैं । इस श्रेणी के अन्य नाम हैं: हृदवाहिनी रोग, हृद-वाहिका रोग। स्ट्रोक में इस रक्त-वाहिका (नाड़ी संबंधी) समस्या का असर दिमाग पर होता है, और हार्ट-अटैक या दिल के दौरे में असर हृदय पर होता है। यूं कहिये, स्ट्रोक को हम एक मस्तिष्क का दौरा मान सकते हैं।

[ऊपर]

स्ट्रोक में तुरंत इलाज बहुत जरूरी है।

स्ट्रोक के लक्षणों को तुरंत पहचान कर व्यक्ति को अस्पताल ले जाना बहुत जरूरी है ताकि उपचार जल्द-से-जल्द शुरू हो सके और मस्तिष्क में अधिक हानि न हो। पहचान पाने के लिए B-E-F-A-S-T शब्द याद रखें .

  • B (balance) – चलने या खड़े होने में अचानक संतुलन में दिक्कत।
  • E (eyesight) – अचानक धुंधला या दोहरा दिखाई देना, दृष्टि खोना।
  • F (face) – चेहरा एक तरफ से सुन्न होना, टेढ़ा होना, लटकना।
  • A (arms ) बांह को उठा न पाना।
  • S (speech) – बोल न पाना , बोली अस्पष्ट होना, लोगों की बात समझ न पाना।
  • T (time) – समय न खोएँ। तुरंत अस्पताल ले जाएँ।

याद रखें, स्ट्रोक एक ईमर्जन्सी है। विलंब का हर मिनट कीमती हो सकता है। जान भी जा सकती है। जल्द-से-जल्द अस्पताल पहुँचें तो हो सकता है कि यदि स्ट्रोक थक्के के कारण हुआ है तो दवा से थक्का घोला जा सके, और यदि रक्त-स्राव के कारण रक्त जमा हुआ है तो शायद ऑपरेशन से जमा हुआ खून निकाला जा सके।

अगर शक हो कि मिनी-स्ट्रोक हुआ था, तब भी डॉक्टर के पास जल्दी ले जाएं।

[ऊपर]

स्ट्रोक के बाद रिकवरी।

स्ट्रोक के बाद व्यक्ति को वापस पहले जैसी स्थिति पर पहुंचाने के लिए “रीहैब” किया जाता है ताकि वे फिर से पहले जैसे हो पाएं – अपने हाथ-पैर का इस्तेमाल कर पाएं, बोल पाएं, आदि। इसमें फिज़ीओथेरपी, स्पीचथेरपी, विशेष उपकरण पर व्यायाम आदि शामिल हो सकते हैं।

रीहैब के बावजूद कई लोगों की रिकवरी पूरी नहीं होती। कई लोग स्ट्रोक के बाद भी कुछ हद तक दूसरों पर निर्भर रहते हैं। उन्हें डिप्रेशन (अवसाद) भी हो सकता है, जिस के कारण वे भविष्य के स्ट्रोक से बचने के लिए कदम उठाने में भी दिक्कत महसूस करते हैं।

एक आम समस्या है मस्तिष्क की क्षमताओं पर असर। व्यक्ति की मानसिक काबिलियत कम हो जाती है। यदि व्यक्ति को बार बार स्ट्रोक (या मिनी-स्ट्रोक) हो, तो क्षमताओं में हानि ज्यादा हो सकती है। व्यक्ति को डिमेंशिया हो सकता है।

[ऊपर]

स्ट्रोक और डिमेंशिया (मनोभ्रंश)।

संवहनी डिमेंशिया (वैस्कुलर डिमेंशिया, Vascular dementia) एक प्रमुख प्रकार का डिमेंशिया है, जो भारत में अधिक पाया जाता है । यह आक्सीजन की कमी की वजह से मस्तिष्क के सेल मरने से होता है। इस का एक कारण है स्ट्रोक या मिनी-स्ट्रोक होना, खासकर यदि ये बार-बार हों। इस प्रकार के संवहनी डिमेंशिया को स्ट्रोक-सम्बंधित डिमेंशिया के नाम से जाना जाता है।

कुछ स्टडी में देखा गया है कि स्ट्रोक के बाद आधे से ज्यादा लोगों में संज्ञानात्मक हानि रहती है। अधिक हानि हो तो डिमेंशिया होता है – एक अनुमान है कि एक-तिहाई स्ट्रोक उत्तरजीवी को स्ट्रोक-रिलेटेड डिमेंशिया होगा।

स्ट्रोक होने के बाद तकरीबन 10-16 % व्यक्तियों में एक साल में फिर से स्ट्रोक हो सकता है, और इस तरह बार-बार स्ट्रोक होने से डिमेंशिया का खतरा भी बढ़ जाता है।

संवहनी डिमेंशिया पर विस्तृत हिंदी लेख देखें : संवहनी डिमेंशिया (वैस्कुलर डिमेंशिया, Vascular dementia): एक परिचय

[ऊपर]

स्ट्रोक से बचने के उपाय।

जीवनशैली के बदलाव से अधिकांश स्ट्रोक के केस से बचा जा सकता है। एक अनुमान के अनुसार 84% स्ट्रोक 23 परिवर्तनीय कारकों से संबंधित हैं। हम इन जोखिम कारकों को कम करने के लिए कदम उठा सकते हैं ताकि स्ट्रोक न हो।

प्रीस्क्राइब की गई दवा लें। उचित जीवन-शैली के बदलाव अपनाएं। उदाहरण: उच्च रक्त-चाप (हाइपरटेंशन, हाई बी पी) और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखें। डायबिटीज से बचें, या उस पर नियंत्रण रखें। अन्य कुछ बदलाव – सही और पौष्टिक खाना, वजन नियंत्रित रखना, शारीरिक रूप से सक्रिय रहना (व्यायाम इत्यादि), तम्बाकू सेवन और धूम्रपान बंद करना, तनाव कम करना, और मद्यपान कम करना। इसके इलावा भी कुछ बदलावों से फायदा हो सकता है – अपने डॉक्टर से बात करें, ताकि आपको अपनी स्थिति के हिसाब से सही सलाह मिले।

[ऊपर]

अंत में।

mantra what is good for the heart is good for the brain

स्ट्रोक एक आम समस्या हैं, और इस के नतीजे भी बहुत गंभीर हैं। यह गैर-संचारी रोगों में मृत्यु के कारणों में दूसरे स्थान पर है, पर यदि लोग स्ट्रोक के बाद बच भी जाएँ तो उनमें से कई लोगों में शारीरिक या मानसिक क्षमताएं पहले जैसे नहीं हो पातीं। वे दूसरों पर निर्भर हो सकते हैं। उन में से एक-तिहाई को स्ट्रोक-संबंधित डिमेंशिया हो सकता है।

अच्छी खबर यह है कि हम सब स्ट्रोक और अन्य कार्डियो-वासकुलर (नाड़ी संबंधी) बीमारियों से बचने के लिए कई कदम उठा सकते हैं। अपने और अपने प्रियजनों के स्वास्थ्य का ख़याल रखें तो स्ट्रोक और सम्बंधित समस्याओं की संभावना कम होगी। यह मंत्र याद रखें: जो दिल के लिए अच्छा है वह दिमाक के लिए भी अच्छा है

साथ ही, स्ट्रोक के लक्षण से परिचित हों और सतर्क रहें तो किसी को स्ट्रोक होने का शक होते ही हम उन्हें जल्द-से-जल्द अस्पताल ले जा सकते हैं। इसमें B-E-F-A-S-T मददगार है। अस्पताल जाने में विलंब न करें, ताकि इलाज हो पाए और हानि कम-से-कम हो। स्ट्रोक के बाद रीहैब आवश्यक है, और दोबारा स्ट्रोक न हो, इस के लिए भी कदम लें।

[ऊपर]

अधिक जानकारी के लिए लिंक – आँकड़े, शब्दावली, संसाधन।

स्ट्रोक कितना व्याप्त और गंभीर है, उस पर कुछ तथ्य/ आंकड़े।

स्ट्रोक संबंधित अनेक स्टडी प्रकाशित हुई हैं, और अनेक पत्रिकाएं भी उपलब्ध हैं, और कई बार इन में दिए गए आँकड़े अलग-अलग होते हैं। यह इसलिए क्योंकि हर स्टडी फर्क होती है और आंकड़ा इस पर निर्भर हैं कि अध्ययन किस भौगोलिक आबादी पर, कितनी अवधि के लिए किया गया था, किस तरह के लोग उस में शामिल किए गए थे, स्टडी में इस्तेमाल करी गयी परिभाषाएं और अवधारणाएं क्या थीं , स्टडी किस तरीके से की गई, आदि। साथ ही, क्योंकि अध्ययनों में डाटा एकत्रित करना और उसका विश्लेषण करना होता है, इसलिए ये रिपोर्ट कुछ साल पहले की स्थिति दर्शाते हैं। फिर भी, कुछ मोटे निष्कर्ष निकाले जा सकते हैं. नीचे देखें कुछ मुख्य तथ्य:

  • विश्व भर में स्ट्रोक पर जानकारी का एक महत्वपूर्ण स्रोत है World Stroke Organization: Global Stroke Fact Sheet 2025 Opens in new window, जिस में प्रस्तुत डाटा लैंसेट न्यूरोलॉजी में पब्लिश पेपर, Global, regional, and national burden of stroke and its risk factors, 1990-2021: a systematic analysis for the Global Burden of Disease Study 2021 Opens in new window से है। यह नवीनतम स्ट्रोक बर्डन अनुमान पहले प्रकाशित सभी स्ट्रोक बर्डन अनुमानों की जगह लेते हैं। कुछ मुख्य आँकड़े :
    • गैर-संचारी रोगों में स्ट्रोक विश्व भर में मृत्यु के कारणों में दूसरे स्थान पर बना हुआ है.
    • साथ ही, यह विश्व भर में डिसेबिलिटी का एक मुख्य कारण है, और 2021 में DALY (disability-adjusted life-years lost) की सूची में तीसरे स्थान पर था ।
    • 1990 से लेकर 2021 के अंतराल में स्ट्रोक कि स्थिति अधिक गम्भीर हुई है – इस से पीड़ित लोग, इस के कारण मरने वाले, या इस के कारण डिसेबिलिटी के साथ जीने वालों की संख्या बढ़ी है और यह बढ़ोतरी ज़्यादातर कम इनकम ग्रुप वाले देशों में हुई है।
    • 70 साल से कम आयु वाले वर्ग में स्ट्रोक बढ़ा है। 53% स्ट्रोक के केस 70 साल से कम उम्र के लोगों में था।
    • स्ट्रोक उत्तरजीवियों में से 22% 15-49 उम्र वर्ग के हैं और 65% 70 साल से कम उम्र के हैं।
    • स्ट्रोक से हुई मृत्युओं में से 33% 70 साल से कम उम्र वाले लोगों में थीं।
    • स्ट्रोक के करीब 65.3% इस्कीमिक स्ट्रोक के थे, 28.8% इंट्रासेरेब्रल हेमरेज थे, और 5.8% सब-एराक्नोइड हेमरेज थे।
    • 84 % स्ट्रोक का 23 परिवर्तनीय जीवनशैली संबंधी जोखिम कारकों से संबंध है ।
    • वैश्विक स्तर पर लगभग 25 % व्यक्तियों को अपने जीवन-काल में स्ट्रोक होने का जोखिम है।
    • स्ट्रोक या TIA होने के बाद दुबारा स्ट्रोक होने की संभावना अधिक होती है। स्ट्रोक होने के एक साल के अंदर दूसरा स्ट्रोक होने की संभावना 10-16% है।
  • स्ट्रोक कार्डियोवास्कुलर रोग की श्रेणी में आता है। World Atlas of Cardiovascular diseases Opens in new window के अनुसार, यह श्रेणी विश्व में मृत्यु के कारणों में पहले स्थान पर है और गैर-संचारी रोगों से हुई मौतों में से लगभग आधी मौतें कार्डियोवास्कुलर रोग के कारण होती हैं। इस श्रेणी में इस्केमिक हृदय रोग और स्ट्रोक सबसे प्रमुख हैं।
  • अन्य स्रोत भी स्ट्रोक के एक गंभीर रोग होने की पुष्टि करते हैं। 2021 के विश्व स्वास्थ्य संगठन कि डाटा के अनुसारं गैर-संक्रामक (गैर-संचारी) बीमारियों में, दुनिया भर में स्ट्रोक मौत का दूसरा सबसे बड़ा कारण था। (स्रोत: The top 10 causes of death Opens in new window).
  • अफ़सोस, भारत में स्ट्रोक का खतरा अन्य कई देशों से ज्यादा है क्योंकि यहाँ के लोगों में हाईपरटेंशन और अन्य रिस्क फैक्टर की संभावना ज्यादा है। ऊपर से यह भी अनुमान है कि भारत में स्ट्रोक का खतरा समय के साथ बढ़ रहा है। (स्रोत: Fifty years of stroke researches in India (paper) Opens in new window).
  • एक स्टडी में स्ट्रोक के बाद संज्ञानात्मक हानि आधे से ज्यादा केस में नजर आई (Predictors and clinical implications of post-stroke cognitive impairment: a retrospective study Opens in new window).
  • कुछ डाटा के अनुसार स्ट्रोक के बाद करीब एक-तिहाई उत्तरजीवियों को स्ट्रोक-संबंधित डिमेंशिया हुआ (Post-stroke dementia – a comprehensive review Opens in new window) और ( A third of all stroke survivors could develop dementia within five years Opens in new window).

कुछ संसाधन:

स्ट्रोक और सम्बंधित विषयों के लिए कुछ उपयोगी शब्दावली:

  • मिनी-स्ट्रोक और उस में पाए डिमेंशिया से संबंधित कुछ शब्द हैं मिनी-स्ट्रोक, ट्रांसिऐंट इस्कीमिक अटैक्स (transient ischemic attack, TIA) या अस्थायी स्थानिक अरक्तता।
  • मस्तिष्क में हुई हानि के लिए कुछ उपयोगी शब्द हैं इनफार्क्ट (रोधगलितांश, infarct).
  • बार-बार के मिनी-स्ट्रोक से संबंधित डिमेंशिया के लिए कुछ शब्द हैं मल्टी- इनफार्क्ट डिमेंशिया (multi-infarct dementia), बहु-रोधगलितांश डिमेंशिया।
  • संवहनी डिमेंशिया के लिए कुछ शब्द/ वर्तनी हैं वास्कुलर डिमेंशिया, वैस्क्युलर डिमेंशिया, नाड़ी-संबंधी डिमेंशिया, संवहनी मनोभ्रंश, Vascular dementia.

डिमेंशिया का कुछ अन्य रोगों से भी सम्बन्ध है। इन रोगों पर हिंदी में विस्तृत पृष्ठ देखें।

[ऊपर]

लेख शेयर करने के लिए नीचे दिए बटन का इस्तेमाल करें। धन्यवाद!

डिमेंशिया: निदान, उपचार, बचाव

किसी व्यक्ति को डिमेंशिया है या नहीं, ये सिर्फ डॉक्टर बता सकते हैं, और वह भी सिर्फ उचित जांच के बाद. यदि आप किसी व्यक्ति में डिमेंशिया के लक्षण देखें, तो सही रोग-निदान (diagnosis) के लिए डॉक्टर से सलाह करें. डॉक्टर निर्धारित करेंगे कि व्यक्ति को डिमेंशिया है या नहीं, और है तो किस रोग के कारण है, और उपचार क्या है.

इस पृष्ठ पर:

  • डिमेंशिया किसी को भी हो सकता है.
  • शुरू की अवस्था में ही निदान (early diagnosis) क्यों ज़रूरी है.
  • किस से सलाह करें>.
  • निदान (Diagnosis)
  • निदान-संबंधी समस्याएँ (Problems related to diagnosis)
  • निदान के बाद (After the diagnosis)
  • उपचार, शोध (Treatment and research)
  • बचाव (risk reduction)
  • आनुवंशिकी (यदि किसी करीबी रिश्तेदार को डिमेंशिया हो)(Genetics risk if close relatives have dementia)
  • इन्हें भी देखें.

डिमेंशिया किसी को भी हो सकता है

पूरे पोस्ट के लिए यहाँ क्लिक करें : डिमेंशिया: निदान, उपचार, बचाव

किसी व्यक्ति को डिमेंशिया (मनोभ्रंश) है या नहीं, ये सिर्फ डॉक्टर बता सकते हैं, और वह भी सिर्फ उचित जांच के बाद। यदि आप किसी व्यक्ति में डिमेंशिया के लक्षण देखें, तो सही रोग-निदान (diagnosis) के लिए डॉक्टर से सलाह करें। डॉक्टर निर्धारित करेंगे कि व्यक्ति को डिमेंशिया है या नहीं, और है तो किस रोग के कारण है, और उपचार क्या है।

क्या आप डिमेंशिया की गंभीरता पहचानते हैं, और इस से बचने की लिए क्या करें, यह जानना चाहते हैं? देखें:डिमेंशिया/ अल्जाइमर से कैसे बचें: चित्रण और प्रस्तुति

इस पृष्ठ पर:

डिमेंशिया किसी को भी हो सकता है।

डिमेंशिया किसी को भी हो सकता है। यह जात-बिरादरी, भाषा, प्रान्त, मज़हब, अमीरी-गरीबी, सामाजिक स्तर, नर-मादा, किसी का भी भेद-भाव नहीं करता। इसकी संभावना उम्र के साथ बढ़ती ज़रूर है, और 65 साल के बाद ज्यादा है, पर कुछ लोगों को डिमेंशिया 30, 40, या 50 की उम्र में भी हो सकता है।

लोगों में एक आम धारणा है कि बुद्धिमान और सक्रिय लोगों को डिमेंशिया नहीं होगा। वे कहते हैं, “हम तो रोज शब्द-पहेली (crossword)/ सू-डो-कू (sudoku) करते हैं, हमें डिमेंशिया नहीं होगा”। पर यह धारणा गलत है। कई ऐसे व्यक्ति, जो जिन्दगी भर शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय रहे हैं, वे आज डिमेंशिया से ग्रस्त हैं।

मीडिया में डिमेंशिया को अकसर बुजुर्गों के रोग के तौर से पेश किया जाता है, या भूलने की बीमारी कहा जाता है। यह गलत है, और इससे व्यक्ति और आस-पास वालों की लक्षणों के प्रति सतर्कता कम हो सकती है। डॉक्टर भी इस भ्रम में हो सकते हैं, जिससे निदान मिलने में भी देर हो सकती है।

भारत में, क्योंकि डिमेंशिया के प्रति जागरूकता कम है, हमें डिमेंशिया के लक्षणों के प्रति अधिक सतर्क रहना चाहिए ताकि हम शुरुआती अवस्था में ही इसे पहचान सकें और इसका निदान करवा सकें, और व्यक्ति की देखभाल के लिए अपने-आप को ढाल सकें।

कुछ जाने-माने डिमेंशिया से ग्रस्त व्यक्ति: अमरीकन प्रेसिडेंट रोनाल्ड रीगन, इंग्लेंड की पूर्व प्रधान मंत्री मार्गरेट थैचेर । और भारत से: तेजी बच्चन (अमिताभ बच्चन के माँ), जोर्ज फर्नांडीस, अटल बिहारी वाजपई, नानी पालखीवाला, उद्योगपति श्रीचंद परमानंद हिंदुजा, सीमा देव।

[ऊपर]

शुरू की अवस्था में ही निदान (early diagnosis) क्यों ज़रूरी है।

डिमेंशिया के लक्षणों को शुरुआती चरण में न पहचान पाना एक आम समस्या है। याददाश्त में प्रॉब्लम हो भी तो इसे बढ़ती उम्र का नतीजा समझा जाता है, और व्यक्ति या परिवार डॉक्टर से सामान्य चेक-उप के वक्त इसका ज़िक्र तक नहीं करते। यह डर हो भी कि शायद समस्या गंभीर है, फिर भी डॉक्टर के पास जाने में संकोच होता है। अन्य समस्याओं में भी–जैसे कि कन्फ्यूशन, उदासीनता, चरित्र में बदलाव–लोग यह नहीं सोचते कि यह किसी बीमारी के कारण हैं, और डॉक्टर से सलाह नहीं करते। सोचते हैं, डॉक्टर कुछ नहीं कर पायेंगे।

प्रारंभिक अवस्था में निदान का सबसे बड़ा फायदा यह है कि कुछ रोग ऐसे हैं जिन में डिमेंशिया जैसे लक्षण होते हैं, पर इन रोगों का इलाज है (reversible causes), और इलाज करने से लक्षण दूर हो जाते हैं। यदि डॉक्टर के पास जाएँ, तो व्यक्ति की स्थिति फिर से सामान्य हो सकती है। ऐसे रिवर्सबल रोग के उदाहरण: थाइरोइड हार्मोन की कमी, अवसाद, तनाव, वगैरह। इस विषय पर विस्तृत चर्चा के लिए कुछ लिंक नीचे “इन्हें भी देखें” सेक्शन में हैं।

अधिकाँश डिमेंशिया इर्रिवर्सिब्ल है, यानि कि दवाई से रोग के कारण हुई हानि ठीक नहीं हो सकती। फिर भी, इन में से कुछ डिमेंशिया ऐसे हैं जिन में प्रारंभिक अवस्था में कुछ ऐसी दवाएं हैं जो रोग तो नहीं दूर कर सकतीं, पर प्रकट लक्षण कम कर सकती हैं, जिससे व्यक्ति को (और परिवार को) राहत मिल सकती है, और व्यक्ति का जीवन पहले से अधिक सामान्य हो सकता है। शायद याददाश्त थोड़ी बेहतर हो जाए, तो कुछ तो आराम मिले। निदान को टालते रहने से व्यक्ति और परिवार इस राहत से वंचित रहते हैं। अधिकांश ऐसी दवाएं प्रारंभिक अवस्थी में ज्यादा कारगर होती हैं। इसलिए डॉक्टर से सलाह कर लेनी चाहिए। निदान हो, तो व्यक्ति को कुछ तो राहत मिलने की संभावना है।

अगर डिमेंशिया किसी ऐसे रोग की वजह से है जो लाइलाज है, और जिसमे राहत भी संभव नहीं, फिर भी निदान होने से परिवार वाले स्थिति को समझ पायेंगे। वे आगे के बारे में सोच सकते हैं और देखभाल की योजना बना सकते हैं।

अकसर लक्षण प्रकट होने के बाद भी व्यक्ति और परिवार निदान करवाने की कोशिश नहीं करते।

याददाश्त में समस्या होना कई प्रकार के डिमेंशिया का एक शुरुआती लक्षण है। परन्तु कई लोग याददाश्त के कमज़ोर होने को उम्र-बढ़ने का सामान्य भाग समझते हैं, और इसलिए डॉक्टर से चेक-अप के दौरान इसका ज़िक्र नहीं करते और न ही सलाह लेते हैं। कुछ अन्य लोग, जिन्होंने डिमेंशिया के बारे में सुना है, वे डर के मारे किसी को अपनी समस्या के बारे में नहीं बताते क्योंकि डिमेंशिया की समाज में जानकारी अधूरी है, और कई लोग इसे मानसिक रोग या पागलपन कह देते हैं, और इसका होना शर्मनाक समझा जाता है। इसलिए, कई डिमेंशिया से ग्रस्त व्यक्तियों का शुरुआती समय में निदान नहीं होता, और परिवार वाले व्यक्ति को डॉक्टर के पास तभी जाते हैं जब डिमेंशिया मध्य या अग्रिम अवस्था में होता है और इसके लक्षणों के कारण इतनी तकलीफ होने लगती है कि उन्हें नज़रंदाज़ नहीं किया जा सकता।

डिमेंशिया के अन्य प्रारंभिक लक्षण भी हो सकते हैं, जैसे कि व्यक्तित्व में बदलाव , बोलने में दिक्कत होना, सामाजिक तौर-तरीके भूल जाने, चलने या संतुलन में दिक्कत, लोगों से कटे कटे रहना, वगैरह। यह भी हो सकता है कि याददाश्त सही रहे, पर अन्य लक्षण नज़र आएँ। यदि व्यक्ति और परिवार वाले सतर्क हों, तो वे डॉक्टर से सलाह कर के सही निदान पा सकते हैं।

जब शुरू में व्यक्ति कठिनाई महसूस करते हैं, तो वे घबरा जाते हैं, या शर्म महसूस करते हैं, क्योंकि वे समझ नहीं पाते कि उन्हें क्या हो रहा है। या तो वे औरों से बच कर रहने लगते हैं और सहमे सहमे रहते हैं, या बात बात पर गुस्सा करते हैं या शक करते हैं कि अन्य लोग ही कुछ कर रहे होंगे जिससे उन्हें प्रॉब्लम हो रही हैं। यह भी एक कारण है जिसकी वजह से व्यक्ति डॉक्टर के पास जाने की नहीं सोचते। डिमेंशिया की जागरूकता फैलेगी तो यह समस्या कम होगी।

जब व्यक्ति और परिवार यह नहीं जानते कि व्यक्ति की दिक्कतें किसी बीमारी के कारण हैं, तो वे रहने का, बातचीत करने का, और मदद करने का तरीका नहीं बदलते, और व्यक्ति से उम्मीद की जाती है कि वे एक सामान्य स्वस्थ बुज़ुर्ग की तरह अपने सब काम कर पाएंगे और बातों को समझ पाएंगे। जब यह नहीं होता, तो सभी परेशान हो जाते हैं, और परिवार का माहौल बिगड़ने लगता है। लोग एक दूसरे पर गुस्सा करते हैं, या दुखी रहते हैं। परन्तु यदि सही समय पर व्यक्ति का निदान हो जाए, तो परिवार वाले भी अपने तरीके बीमारी की समस्याओं के अनुरूप बदल पाते हैं और घर में तनाव कम हो जाता है। देखभाल के सही तरीके सीखना और उपयोग में लाना तभी हो सकता है जब परिवार समझे कि व्यक्ति को डिमेंशिया है, और फिर उस के लिए बोलचाल और अन्य तरीके बदले।

स्पष्ट है कि इस तरह निदान देर से करने से व्यक्ति और परिवार, दोनों को नुक्सान होता है। अच्छा यही होगा कि परिवार वाले सतर्क रहें, और अगर लक्षण देखें तो डॉक्टर से जांच करा लें। शुरू की अवस्था में निदान हो जाए तो सालों का तनाव बच सकता है।

[ऊपर]

किस से सलाह करें।

अगर आप देखें कि कोई व्यक्ति डिमेंशिया जैसे लक्षण दिखा रहा है, तो आप फैमिली डॉक्टर या GP से सलाह कर सकते हैं। डॉक्टर कुछ जांच करेंगे, और यदि ज़रूरी हो, तो विशेषज्ञ के पास भेज देंगे। पर अफ़सोस, कई डॉक्टर भी डिमेंशिया के बारे में अधिक नहीं जानते और बढ़ती उम्र के लोगों की समस्या को यह कह कर टाल देते हैं कि उम्र बढ़ेगी तो यह सब तो होगा ही। कुछ तो हंस कर मजाक भी उड़ा देते हैं। या अगर व्यक्तित्व में बदलाव है तो उसे घर का अंदरूनी मामला कह देते हैं या मानसिक रोग का निदान दे देते हैं। कम उम्र में शुरू होने वाले डिमेंशिया को पहचानने में अकसर देर होती है, क्योंकि डॉक्टर भी इसी भ्रमित ख़याल में रहते हैं कि डिमेंशिया सिर्फ बुजुर्गों में पाया जाता है।

यदि आप डॉक्टर की बात से संतुष्ट न हों, या आप देखें कि डॉक्टर आपकी बात को गंभीरता से नहीं ले रहा, तो अन्य किसी डॉक्टर के पास जाएँ। ऐसे डॉक्टर को ढूँढें जिन्हें डिमेंशिया का अनुभव हो। आप सीधे विशेषज्ञ के पास भी जा सकते हैं।

स्पष्ट निदान पाने के लिए अनेक टेस्ट ज़रूरी हैं, और अकसर ये विशेषज्ञ ही करेंगे। विशेषज्ञ यह भी बताएंगे कि डिमेंशिया किस रोग के कारण है। आप किसी भी अस्पताल के न्यूरोलॉजी (neurology) विभाग के बाह्य रोगी विभाग (OPD) से सम्पर्क करके मिलने का समय ले सकते हैं। अन्य डिपार्टमेंट जहाँ आपके उचित विशेषज्ञ मिल सकते हैं: मनोचिकित्सा (साईकाइट्री, psychiatry), जीरियाट्रिक्स (geriatrics)। कुछ अस्पतालों में मेमोरी क्लिनिक भी होते हैं। अगर आपके शहर में ARDSI का चैप्टर है, तो आप उनसे भी सम्पर्क कर सकते हैं। कुछ संस्थाओं में भी मेमोरी क्लिनिक हो सकते हैं, जहाँ सलाह मिल सकती है।

कभी कभी लक्षण वाले व्यक्ति यह नहीं मानते कि उन्हें कोई प्रॉब्लम है, और डॉक्टर के पास जाने से साफ़ इंकार कर देते हैं। ऐसे में परिवार वाले डॉक्टर से मिल कर निवेदन कर सकते हैं कि डिमेंशिया की जांच उस व्यक्ति के सामान्य, नियमित चेक-अप में जोड़ दी जाए, और जब व्यक्ति को अन्य चेक-उप के लिए डॉक्टर के पास ले जाएँ, तब डॉक्टर डिमेंशिया के टेस्ट भी कर लें।

आजकल कई डॉक्टर प्रारंभिक परामर्श के लिए वीडियो परामर्श द्वारा उपलब्ध होयते हैं, जिस से व्यक्ति के लिए घर से ही सलाह मिल पाती है। टेलीकंसल्टेशन से अधिक अंदाजा पड़ पायेगा कि क्या डॉक्टर के पास जाना आवश्यक है, क्या कुछ परीक्षणों की आवश्यकता है, इत्यादि।

[ऊपर ]

निदान (Diagnosis)।

डिमेंशिया के निदान में कई कदम है, और अनेक टेस्ट होते हैं। सिर्फ एकाध सवाल पूछ कर डिमेंशिया का निदान नहीं किया जा सकता। डिमेंशिया का निदान सिर्फ डॉक्टर कर सकते हैं। यह एक क्लिनिकल (चिकित्सकीय) निदान है। यह निदान डॉक्टर व्यक्ति की सही प्रकार से जांच करने के बाद ही कर सकते हैं।

निदान करने के लिए डॉक्टर के लिए सबसे प्रमुख जानकारी है व्यक्ति का इतिहास और यह समझना कि व्यक्ति को किस किस प्रकार की समस्याएँ हैं और वे कौन सी दवाइयाँ ले रहे हैं, और क्या वे अपने काम कर पा रहे हैं या नहीं। परिवार वालों को सब फाइल और मेडिकल रिकॉर्ड पेश करने के लिए तैयार रहना चाहिए और लक्षण समझाने के लिए और उनके उदाहरण देने के लिए भी तैयार रहना चाहिए।

डॉक्टर लक्षणों से पीड़ित व्यक्ति से कई सवाल पूछेंगे, जैसे कि तारीख क्या है, अपना नाम और पता बताएं, कुछ छोटे जोड़ने/ घटाने के सवाल। वे व्यक्ति से कुछ छोटे काम भी करायेंगे, जैसे कि कोई चित्र को कॉपी करना, चित्र पहचानना, एक सूची में दिए गए शब्द याद करके दोहराना। इन सबसे डॉक्टर उस व्यक्ति की संज्ञानात्मक बाधकता (cognitive impairment) का अंदाजा लगाएंगे। आपने जो लक्षण बताए हैं, और इस सवाल-जवाब का नतीजा देख कर, वे आगे के टेस्ट के बारे में तय करेंगे।

रक्त के टेस्ट करके डॉक्टर अन्य चीज़ों को देखेंगे, जैसे कि थाइरोइड हार्मोन (thyroid hormones) की कमी, विटामिन B12 की कमी, वगैरह।

दिमाग का स्कैन (MRI, PET scans, CT scans) करके डॉक्टर चेक करेंगे कि सामान्य दिमाग की तुलना में क्या इस व्यक्ति के दिमाग में कहीं कोई विकार है, या कुछ अधिक सिकुडन है, या अन्य कोई समस्या है जो लक्षणों का कारण हो सकती है। वे यह भी देखेंगे कि दिमाग के कौन से भाग सक्रिय हैं, और कौन से नहीं।

डॉक्टर यह समझने की कोशिश करेंगे कि प्रस्तुत लक्षण के क्या क्या कारण हो सकते हैं। यह कारण डिमेंशिया वाले रोग हैं, या अन्य रोग।

इन सब जांच के बाद ही डॉक्टर निदान करेंगे, और रोग के बारे में जानने पर, आगे क्या हो सकता है, परिवार वालों को यह अंदाजा मिलेगा।

परिवार वालों को डॉक्टर से अन्य संसाधन के बारे में भी पूछ लेना चाहिए, जैसे कि सपोर्ट ग्रुप, डिमेंशिया समर्थन संस्थाएं, सेवाएं देने वाली एजेंसी, कॉउसेलोर, इत्यादि। डॉक्टर का ध्यान अकसर सिर्फ दवाई और इलाज पर होता है, और वे बिना पूछे शायद यह जानकारी न दें।

कभी कभी निदान डिमेंशिया का नहीं, बल्कि मंद संज्ञानात्मक बाधकता (mild cognitive impairment) का होता है। यह डिमेंशिया नहीं है। मंद संज्ञानात्मक बाधकता से पीड़ित कुछ व्यक्ति सुधार दिखाते हैं या उसी स्तर पर रहते हैं, पर कुछ को डिमेंशिया हो सकता है। क्योंकि मंद संज्ञानात्मक बाधकता वाले व्यक्तियों में आगे बढ़कर डिमेंशिया होने की संभावना ज्यादा होती है, इसलिए इस निदान की स्थिति में अगला चेक-अप कब कराएं, यह डॉक्टर की सलाह से तय कर लेना चाहिए।

यह नोट करें कि जीन परीक्षा (genetic testing) निदान का भाग नहीं है, न ही कोई ऐसा खून का टेस्ट है जिससे अल्ज़ाइमर (Alzheimer’s Disease) का पक्का निदान हो सके। निदान के वक्त डॉक्टर यह देखते हैं कि क्या व्यक्ति को डिमेंशिया है (किसी भी रोग से होने वाला ऑल-कौज़ डिमेंशिया) (all-cause dementia, dementia that may be caused by anything) और यह भी देखने की कोशिश करते हैं कि डिमेंशिया का कौन सा कारक रोग है: अल्ज़ाइमर रोग (Alzheimer’s Disease), संवहनी मनोभ्रंश (नाड़ी-संबंधी, Vascular dementia), फ्रंटो-टेम्पोरल (Frontotemporal dementia), लुई बॉडी (Lewy Body Dementia), पार्किन्सन (Parkinson’s), इत्यादि)। कई बार डॉक्टर डिमेंशिया किस विशिष्ट रोग के कारण है, यह स्पष्ट रूप से नहीं बताते। यह बताना इसलिए भी मुश्किल है क्योंकि रोग की पक्की पहचान सिर्फ मरने के बाद मस्तिष्क खोल कर देखने से हो सकती है, उस से पहले का निदान मात्र एक अनुमान है।

[ऊपर]

निदान-संबंधी समस्याएँ (Problems related to diagnosis)।

भारत में डिमेंशिया का सही और पूरा निदान मिलना इतना आसान नहीं है, क्योंकि डिमेंशिया के बारे में कई डॉक्टरों को भी ठीक से जानकारी नहीं है, और उनका डिमेंशिया के निदान का अनुभव भी कम है। ऊपर से डिमेंशिया का निदान किसी एक टेस्ट या स्कैन से पक्की तरह से तय नहीं किया जा सकता। व्यक्ति को डिमेंशिया है या नहीं, और अगर है तो किस रोग के कारण है, और साथ में अन्य कौन कौन सी समस्याएं हैं, यह सब जान पाना पेचीदा काम है।

निदान में भूल-चूक कई प्रकार की हो सकती हैं। नीचे देखें कुछ उदाहरण (यह पूरी सूची नहीं है)।

  • लक्षण को अनदेखा करना। डिमेंशिया के आरम्भ में, जब लक्षण मंद होते हैं, तो आस-पास के लोग ही नहीं, डॉक्टर भी लक्षण यह कह कर टाल देते हैं कि यह तो बुढापे का सामान्य अंश है।
  • किसी (डिमेंशिया से भिन्न) रोग का निदान देना। यह खासकर तब होता है जब व्यक्ति की स्थिति और प्रारंभिक लक्षण आम स्थिति और लक्षण से अलग है। अधिकांश डिमेंशिया बड़ी उम्र में ही होता है, और शुरुआती चिह्न है याददाश्त की समस्या। इसलिए अगर डिमेंशिया 40-50 या उससे भी कम उम्र में हो, या जब शुरू के लक्षण उत्तेजना या अनुचित व्यवहार हों तो डॉक्टर शायद डिमेंशिया को न पहचान पाएँ। वे शायद कह दें कि समस्या मनोवैज्ञानिक है, या स्ट्रेस का प्रभाव है।
  • रोग ऐसा है जो इलाज से सुधर सकता है (reversible/ treatable cause), पर निदान किसी इर्रिवर्सबिल डिमेंशिया (irreversible dementia) का हो। डिमेंशिया के लक्षण कई कारण से पैदा हो सकते हैं। इन में ऐसे कारण भी हैं जो इलाज से ठीक हो सकते हैं, जैसे कि अवसाद (depression), थाइरोइड हार्मोन में कमी (hypothyroidism), कुछ प्रकार के संक्रमण (infections), और विटामिन B12 की कमी (vitamin B12 deficiency), वगैरह। जांच ठीक से न हो या पूरे न हो तो डॉक्टर गलत निदान दे सकते हैं, और इस गलत निदान के कारण व्यक्ति का सही इलाज नहीं होगा। व्यक्ति की समस्या दवाई से ठीक हो सकती थी, पर क्योंकि निदान गलत है, व्यक्ति को तकलीफ होती रहेगी।
  • किस इर्रिवर्सबिल डिमेंशिया (irreversible dementia) के कारण लक्षण हैं, इस पहचान में गलती। डिमेंशिया रोग कई तरह के हैं। डॉक्टर शायद यह तो पहचान पाएँ कि व्यक्ति के लक्षण का कारण कोई ऐसा रोग है जो इर्रिवर्सबिल (irreversible) है, पर इन में से कौन सा irreversible dementia है, यह गलत पहचानें। यह समस्या पैदा कर सकता है, क्योंकि कुछ ऐसी दवाइयाँ है जो एक प्रकार के डिमेंशिया रोग में मदद करती हैं, पर अन्य प्रकार के डिमेंशिया रोग में काम नहीं करतीं, बल्कि नुकसान भी कर सकती हैं। एक उदाहरण है लुई बॉडी डिमेंशिया वाले व्यक्ति को गलती से अल्ज़ाइमर रोग का निदान मिलना।
  • डिमेंशिया लक्षण कई रोगों के कारण हों, पर सिर्फ एक कारण पहचाना जाए। ऐसे में व्यक्ति का इलाज भी उसी पहचाने गए डिमेंशिया रोग के लिए करा जाएगा। हो सकता है कि अन्य रोग दवाई से सुधर सकते थे, जिससे लक्षण में सुधार हो सकता था, पर क्योंकि निदान पूरा नहीं है, व्यक्ति सही इलाज से वंचित रहेंगे। बढ़ती उम्र में अकसर लोगों को अनेक बीमारियां होती हैं। यह सोचना कि लक्षण सिर्फ एक ही कारण से हैं शायद गलत हो। समय के साथ, जब लक्षण बिगड़ते हैं, तब भी यह गलती हो सकती है। शायद लक्षण किसी अन्य रोग के कारण बिगड़ रहे हों पर ये रोग इसलिए न पहचाने जाएँ क्योंकि डॉक्टर और परिवार यह सोचते रहें कि बिगड़ती हालत पहले पहचाने गए रोग के ही कारण हैं।

व्यक्ति की जांच ठीक तरह से हो, और निदान पूरा और सही हो, इसके लिए परिवार वालों को सक्रिय रहना होगा। उन्हें डिमेंशिया के लक्षण और पैदा करने वाले रोगों के बारे में जानकारी होनी चाहिए, और जांच के समय सतर्क रहना चाहिए, और कुछ संदेह हो तो डॉक्टर से प्रश्न पूछने में हिचकिचाना नहीं चाहिए। डॉक्टर के निदान करने के तरीके से, या निर्णय से संतोष न हो तो अन्य डॉक्टर से सलाह कर लेनी चाहिए। पर ध्यान रखें, निदान सिर्फ डॉक्टर से करवाएं, खुद न सोच लें कि यह तो डिमेंशिया ही है, और डिमेंशिया लाइलाज है तो डॉक्टर के पास जाने के कोई ज़रूरत नहीं।

निदान में दिक्कतें और गल्तियाँ किस प्रकार की हो सकती हैं, इस पर इस पृष्ठ के अँग्रेज़ी संस्करण पर अधिक विस्तार से चर्चा है: लिंक नीचे “इन्हें भी देखें” सेक्शन में है।

[ऊपर]

निदान के बाद (After the diagnosis)।

डिमेंशिया का निदान व्यक्ति और परिवार को हिला कर रख देता है, पर सही परामर्श के और समर्थन के साथ, व्यक्ति और परिवार सामान्य जिंदगी बिताने की कोशिश कर सकते हैं। डिमेंशिया है, इसका मतलब यह नहीं कि व्यक्ति अब कुछ नहीं कर पाएंगे। सिर्फ करने के तरीके बदलेंगे औद कुछ सीमायें होंगी, जिन को समझने से व्यक्ति और परिवार अपनी जिंदगी उसके अनुरूप बदल सकते हैं। उचित जानकारी प्राप्त करके और परामर्श प्राप्त करके निदान के साथ समन्वय किया जा सकता है, और आगे की ज़िंदगी नियोजित करी जा सकती है। कुछ डिमेंशिया से ग्रस्त व्यक्तियों ने अपनी ज़िंदगी के बारे में विस्तार से लिखा है, और कुछ ने निदान के प्रति अपनी प्रतिक्रिया का वर्णन भी करा है। निदान से समन्वय कैसे करें, इस पर कुछ पत्रिकाएँ भी हैं।

अकसर डॉक्टर परिवार के साथ निदान पर विस्तार से चर्चा नहीं कर पाते हैं। डिमेंशिया क्या है, आगे क्या-क्या हो सकता है, और देखभाल के लिए क्या करना होगा, परिवार को इस पर शायद जानकारी न दी जाए। अधिक जानकारी और सहायता कहाँ मिलेगी, यह भी शायद पता न चले।

क्योंकि डिमेंशिया का सफर लंबा और कठिन है, परिवारों को अधिक जानकारी और सहायता की जरूरत होगी। डिमेंशिया से जूझ रहे अन्य परिवारों से जुडने से, और साथ ही उचित काउन्सेलिंग से परिवार वाले स्थिति के लिए बेहतर तैयार हो सकते हैं, और व्यक्ति भी अधिक सक्रिय और संतोषजनक जीवन बिता पाएं, इस के लिए व्यक्ति को सहारा दे सकते हैं। निदान मिलने के बाद होने वाली घबराहट से बचा जा सकता है।

अधिक चर्चा के लिए इस पृष्ठ के अँग्रेज़ी संस्करण को देखें: लिंक नीचे “इन्हें भी देखें” सेक्शन में है।

[ऊपर]

उपचार, शोध (Treatment and research)।

फिलहाल मुख्यतः दवाएं लक्षणों में आराम पहुंचाने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं, और शुरू की अवटहस्त में अधिक कारगर रहती हैं, पर कई लोगों को इन से आराम नहीं मिल पाता। इस विषय पर लिंक के लिए इस पृष्ठ के अँग्रेज़ी संस्करण को देखें: लिंक नीचे “इन्हें भी देखें” सेक्शन में है।

[ऊपर]

डिमेंशिया/ अल्जाइमर से कैसे बचें: चित्रण और प्रस्तुति (Presentation on how to reduce your risk of dementia).

बचाव के तरीकों का एक सरल चित्रण देखने के लिए क्लिक करें: डिमेंशिया/ अल्जाइमर से कैसे बचें: चित्रण (Reduce the risk of dementia: infographic)

इस हिंदी प्रेजेंटेशन में देखिये डिमेंशिया किसे हो सकता है, इस के जोखिम कारक क्या हैं, और आप इस की संभावना कम करने के लिए क्या कर सकते हैं। यह प्रस्तुति अब तक के शोध पर आधारित है और इस में अनेक ऐसे कारगर उपाय हैं, जिन से डिमेंशिया की संभावना के साथ-साथ अन्य कई स्वास्थ्य समस्याओं की संभावना भी कम होगी। यदि प्लेयर नीचे लोड न हो रहा हो तो यहाँ क्लिक करें: डिमेंशिया/ अल्ज़ाइमर से कैसे बचें? Opens in new window

https://www.slideshare.net/swapnakishore/reduce-risk-of-dementia-hindi


इन विषयों पर अधिक चर्चा नीचे के सेक्शन में देखें
[ऊपर]

डिमेंशिया से बचाव (risk reduction)।

वर्तमान जानकारी के अनुसार डिमेंशिया से पक्की तरह से बचे रहने का कोई तरीका नहीं है। परन्तु हम अपने जीवन में कुछ उचित बदलाव कर के डिमेंशिया होने की संभावना कम कर सकते हैं।

वैज्ञानिक यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि अलग अलग कारकों का मस्तिष्क पर क्या असर होता है, और हम अपने मस्तिष्क को स्वस्थ कैसे रख सकते हैं। एक सम्बन्ध जो अब तक स्पष्ट है वह है कि उम्र बढ़ने से डिमेंशिया की संभावना बढ़ती है। शोध के आधार से वैज्ञानिकों ने कुछ जोखिम कारक (रिस्क फैक्टर, risk factor) पहचाने हैं और उन का मानना है कि इन को कम करने से डिमेंशिया की संभावना भी कम होगी। बचाव शत-प्रतिशत नहीं हो सकता, पर संभावना कम जरूर हो सकती है।

डिमेंशिया से संबंधित कारकों में एक कारक स्पष्ट है – बढ़ती उम्र। यानि कि, डिमेंशिया की संभावना उम्र बढ़ने के साथ अधिक होती है। पर अन्य भी कुछ आर्यक हैं जिन से शायद डिमेंशिया की संभावना बढ़े। जोखिम कारकों को दो श्रेणियों में बांटा जाता है: अपरिवर्तनीय जोखिम कारक, और परिवर्तनीय जोखिम कारक। अपरिवर्तनीय जोखिम कारक ऐसे कारक हैं जिन के बारे में हम कुछ नहीं कर सकते, हम इन को दूर नहीं कर सकते। उदाहरण: उम्र बढ़ना, परिवार में अन्य खून-के रिश्तेदारों को डिमेंशिया होना, हमारे जीन में ApoE4 अलील का होना, डाउन सिंड्रोम होना, इत्यादि। इस लिए डॉक्टर यह सलाह देते हैं कि हम परिवर्तनीय कारकों पर ध्यान दें, और ऐसे बदलाव करें जिन से हमारी डिमेंशिया की संभावना कम हो।

डॉक्टरों के अनुसार, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने से हम अपनी डिमेंशिया की संभावना कम कर सकते हैं। हम क्या कर सकते हैं, यह समझने और याद रखने के लिए एक उपयोगी मंत्र है: “What is good for your heart is good for your brain”। जो कदम स्वस्थ हृदय के लिए फायदेमंद हैं, वे स्वस्थ दिमाग के लिए भी अच्छे हैं। इसका मतलब यह नहीं कि डिमेंशिया होगा ही नहीं, पर स्वस्थ हृदय के लिए अपनाई जीवन शैली से डिमेंशिया की संभावना कुछ हद तक कम होगी। कुछ प्रमुख उदाहरण:

  • धूम्रपान बंद करें।
  • अपने वज़न को नियंत्रित रखें, और पौष्टिक भोजन लें, अच्छी मात्रा में ताज़े फल और सब्जी खाएं। मोटापे से बचें। अपने डॉक्टर से मेडिटरेनीयन डाइट (भूमध्यसागरीय आहार ) और DASH डाइट के बारे में पूछें, और सलाह करें कि आपके लिए क्या उचित होगा। मद्यपान कम करें।
  • शरीर में पौष्टिक पदार्थों की कमी न होने दें (जैसे कि विटामिन बी-12)।
  • नियमित व्यायाम करें, शारीरिक रूप से सक्रीय रहें।
  • उचित कदम लेकर हृदय रोग की संभावना कम करें।
  • मानसिक रूप से सक्रिय रहें(जैसे कि नई चीज़ें सीखते रहें)।
  • मेल-जोल और दोस्तियां बनाए रखें, सामाजिक अलगाव न होने दें।
  • मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), उच्च कोलेस्ट्रॉल, नाडी संबंधी समस्याएँ, इत्यादि रोगों के प्रति सतर्क रहे। इन से बचने की कोशिश करें, और यदि यह हों, तो इन्हें दवा और जीवन शैली के बदलाव से नियंत्रण में रखें।
  • अवसाद (डिप्रेशन) के प्रति सतर्क रहें, और इस से बचने के लिए उचित कदम लें।
  • July 2017 की एक रिपोर्ट में एक अन्य महत्वपूर्ण जोखिम कारक को पहचाना गया है: सुनने की शक्ति में कमी होना/ बहरापन। इस समस्या के प्रति सतर्क रहें, और डॉक्टर से सलाह करें।

और हाँ, सर को चोट से बचाए रखें 🙂 सर पर गंभीर चोट से भी डिमेंशिया हो सकता है। ऐसे खेलों से बचें जिन में सर पर चोट लगने की संभावना अधिक है, वाहन में हेलमेट का प्रयोग करें, संतुलन बेहतर बनाएं और गिरने से बचें, इत्यादि।

यह भी जानें कि कुछ ऐसी बीमारियाँ हैं जिन का डिमेंशिया के साथ सम्बन्ध है, और जिन के होने पर डिमेंशिया की संभावना ज्यादा होती है। एक उदाहरण है डाउन सिंड्रोम। पार्किन्सन रोग से ग्रस्त व्यक्तियों में भी आगे जाकर करीब एक-तिहाई (1/3) व्यक्तियों में डिमेंशिया हो सकता है। स्ट्रोक के बाद करीब 20% लोगों को छह महीने के अन्दर डिमेंशिया हो जाता है। अवसाद (डिप्रेशन) और डिमेंशिया में भी सम्बन्ध है, और ये दोनों अकसर साथ साथ पाए जाते हैं, हलाकि इन के बीच यह सम्बन्ध किस प्रकार का है, इस पर अभी रिसर्च चल रहा है।

अन्य भी स्वास्थ्य-संबंधी समस्याएं हैं जिन से डिमेंशिया के लक्षण हो सकते है, और जिन के बारे में सतर्क रहना अच्छा होगा, जैसे कि थाइरोइड हॉर्मोन की कमी। ऊपर ऐसे कुछ विषयों पर चर्चा है।

हाल में कुछ रिसर्च में पाया गया है कि कुछ संक्रमण (जैसे कि कोविड) का डिमेंशिया के साथ संबंध (कोरीलैशन) है, और यह मानना है कि शायद ऐसे संक्रमणों से डिमेंशिया का जोखिम बढ़ सकता है। जाहिर है, लोगों को (खासकर बुजुर्गों को) गंभीर संक्रमणों से बचे रहना बेहतर होगा, क्योंकि वैसे भी संक्रमित होने पर उनमें जटिलताओं की संभावना अधिक होती है।

याद रखें, डिमेंशिया से बचने का कोई पक्का तरीका नहीं है। अखबारों में, पत्रिकाओं में, और अन्य मीडिया में हम कई बार सुनते हैं कि यदि आप फलां तरीका अपनाएँ तो डिमेंशिया नहीं होगा। यह दावा गलत है। हम सिर्फ अपनी जीवन शैली में बदलाव करके अपनी डिमेंशिया की संभावना कम कर सकते हैं, पर हमारी इस कोशिश के बावजूद हमें डिमेंशिया हो सकता है। यह सोचना भी गलत है कि जिन को डिमेंशिया है, वे लोग लापरवाह थे या अस्वस्थ और निष्क्रिय जीवन जी रहे थे।

डिमेंशिया से बचाव के विषय पर देखें एक विडिओ जिस में इस विषय पर सरल, संक्षिप्त पर सम्पूर्ण तरह से चर्चा है। विडिओ में सब्टाइटल भी हैं। इसे आप यूट्यूब पर देख सकते : dementia se kaise bachen/ jeevan shaili badal kar dementia ka jokhim kam karen (reduce dementia risk) Opens in new window या नीचे दिए गए प्लेयर में देखें।

डिमेंशिया की संभावना कम कैसे करें, और डिमेंशिया का किस कारक से कैसा सम्बन्ध है, इस विषय पर अधिक चर्चा के लिये इस पृष्ठ के अँग्रेज़ी संस्करण को देखें: लिंक नीचे “इन्हें भी देखें” सेक्शन में है।

[ऊपर]

आनुवंशिकी (यदि किसी करीबी रिश्तेदार को डिमेंशिया हो)(Genetics risk if close relatives have dementia).

घर में नज़दीकी रिश्तेदार में डिमेंशिया देखने पर घबराहट हो सकती है कि क्या डिमेंशिया अनुवांशिक है? फिलहाल डिमेंशिया के अनेक रोगों की आनुवंशिकी समझने के लिए शोध (रिसर्च) जोरों से चल रहा है। इस विषय पर लिंक्स और कुछ चर्चा और रिपोर्ट देखें हमारे इस पृष्ठ के अँग्रेज़ी संस्करण पर। लिंक नीचे “इन्हें भी देखें” सेक्शन में है।

[ऊपर]

इन्हें भी देखें।

हिंदी पृष्ठ, इसी साईट से:

डिमेंशिया के लक्षण किन रोगों के कारण हो सकते हैं, इसके लिए देखें:डिमेंशिया किन रोगों के कारण होता है

डिमेंशिया से सम्बंधित अन्य रोगों पर हिंदी में विस्तृत पृष्ट देखें:

इस विषय पर हिंदी सामग्री, कुछ अन्य साईट पर: यह याद रखें कि इन में से कई लेख अन्य देश में रहने वालों के लिए बनाए गए हैं, और इनमें कई सेवाओं और सपोर्ट संबंधी बातें, कानूनी बातें, इत्यादि, भारत में लागू नहीं होंगी।

इस पृष्ठ का नवीनतम अँग्रेज़ी संस्करण यहाँ उपलब्ध है: Diagnosis, Treatment, Prevention। अंग्रेज़ी पृष्ठ पर आपको विषय पर अधिक सामयिक जानकारी मिल सकती है। कई उपयोगी अँग्रेज़ी लेखों, संस्थाओं और फ़ोरम इत्यादि के लिंक भी हो सकते हैं। कुछ खास उन्नत और प्रासंगिक विषयों पर विस्तृत चर्चा भी हो सकती है। अन्य विडियो, लेखों और ब्लॉग के लिंक, और उपयोगी पुस्तकों के नाम भी हो सकते हैं। इस अँग्रेज़ी पृष्ठ पर डिमेंशिया से बचाव के लिए, और विभिन्न डिमेंशिया रोगों के निदान और उपचार के लिए अनेक उपयोगी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं और अँग्रेज़ी वेबसाइट पर जानकारी है।

[ऊपर]

Previous: डिमेंशिया के प्रकारों पर अधिक जानकारी Next: डिमेंशिया/ अल्जाइमर से कैसे बचें: चित्रण

डिमेंशिया केयर नोट्स के हिंदी वेबसाइट पर आपका स्वागत है

डिमेंशिया पर कुछआवश्यक जानकारी। कई प्रचलित मिथकों पर स्पष्टीकरण। इस देखभाल संबंधी जानकारी के विभिन्न सेक्शन का परिचय और लिंक। सेक्शन में मौजूद हैं: डिमेंशिया पर जानकारी, देखभाल पर विस्तृत चर्चा और ज़रूरी तरीकों पर जानकारी, इंटरव्यू, समर्थक संस्थाएं, संसाधन, वीडियो, डाउनलोड. …

पूरे पोस्ट के लिए यहाँ क्लिक करें : डिमेंशिया केयर नोट्स के हिंदी वेबसाइट पर आपका स्वागत है

डिमेंशिया क्या है? क्या यह संभव है कि आपका कोई प्रियजन डिमेंशिया से ग्रस्त है, और आपको मालूम ही नहीं? सतर्क रहने के लिए आप को डिमेंशिया के बारे में क्या जानना चाहिए? या हो सकता है कि आपके परिवार में किसी को डिमेंशिया है, और आप समझ नहीं पा रहे कि उनकी देखभाल करें तो कैसे करें, क्योंकि व्यक्ति आपकी बात समझ ही नहीं पाते हैं और अजीब तरह से पेश आ रहे हैं। आइये, डिमेंशिया और संबंधित देखभाल के बारे में कुछ आवश्यक बातें देखें।

डिमेंशिया किसी विशेष बीमारी का नाम नहीं, बल्कि एक बड़े से लक्षणों के समूह का नाम है (संलक्षण, syndrome)। डिमेंशिया को कुछ लोग “भूलने की बीमारी” कहते हैं, परन्तु डिमेंशिया सिर्फ भूलने का दूसरा नाम नहीं हैं, इसके अन्य भी कई लक्षण हैं–नयी बातें याद करने में दिक्कत, तर्क न समझ पाना, लोगों से मेल-जोल करने में झिझकना, सामान्य काम न कर पाना, अपनी भावनाओं को संभालने में मुश्किल, व्यक्तित्व में बदलाव, इत्यादि। यह सभी लक्षण मस्तिष्क की हानि के कारण होते हैं, और ज़िंदगी के हर पहलू में दिक्कतें पैदा करते हैं। यह भी गौर करें कि यह ज़रूरी नहीं है कि डिमेंशिया से ग्रस्त व्यक्ति की याददाश्त खराब हो–कुछ प्रकार के डिमेंशिया में शुरू में चरित्र में बदलाव, चाल और संतुलन में मुश्किल, बोलने में दिक्कत, या अन्य लक्षण प्रकट हो सकते हैं, पर याददाश्त सही रह सकती है। डिमेंशिया के लक्षण अनेक रोगों की वजह से पैदा हो सकते हैं, जैसे कि अल्ज़ाइमर रोग, लुई बॉडीज वाला डिमेंशिया, वास्कुलर डिमेंशिया (नाड़ी सम्बंधित/ संवहनी मनोभ्रंश),फ्रंटोटेम्पोरल डिमेंशिया, पार्किन्सन, इत्यादि।

लक्षणों के कुछ उदाहरण। हाल में हुई घटना को भूल जाना, बातचीत करने समय सही शब्द याद न आना, बैंक की स्टेटमेंट न समझ पाना, भीड़ में या दुकान में सामान खरीदते समय घबरा जाना, नए मोबाईल के बटन न समझ पाना, ज़रूरी निर्णय न ले पाना, लोगों और साधारण वस्तुओं को न पहचान पाना, वगैरह। रोगियों का व्यवहार अकसर काफी बदल जाता है। कई डिमेंशिया वाले व्यक्ति ज्यादा शक करने लगते हैं, और आसपास के लोगों पर चोरी करने का, मारने का, या भूखा रखने का आरोप लगाते हैं। कुछ व्यक्ति अधिक उत्तेजित रहने लगते हैं, कुछ अन्य व्यक्ति लोगों से मिलना बंद कर देते हैं और दिन भर चुपचाप बैठे रहते हैं। कुछ व्यक्ति अश्लील हरकतें भी करने लगते हैं। कौन से व्यक्ति में कौन से लक्षण नज़र आयेंगे, यह इस बात पर निर्भर है कि उनके मस्तिष्क के किस हिस्से में हानि हुई है। किसीमे कुछ लक्षण नज़र आते हैं, किसी में कुछ और। जैसे कि, कुछ व्यक्तियों में भूलना इतना प्रमुख नहीं होता जितना चरित्र का बदलाव।

भारत में ज़्यादातर लोग इन सब लक्षणों को उम्र बढ़ने का स्वाभाविक अंश समझते हैं, या सोचते हैं कि यह तनाव के कारण है या व्यक्ति का चरित्र बिगड़ गया है, पर यह सोच गलत है। ये लक्षण डिमेंशिया या अन्य किसी बीमारी के कारण भी हो सकते हैं, इसलिए डॉक्टर की सलाह लेना उपयुक्त है। अफ़सोस, भारत में डिमेंशिया की जानकारी कम होने के कारण इनमे से कई लक्षणों के साथ कलंक भी जुड़ा है। इसलिए डिमेंशिया से पीड़ित व्यक्ति यह सोच कर अपनी समस्याओं को छुपाते हैं कि या उन्हें पागल समझा जाएगा या लोग हंसेंगे कि क्या छोटी सी बात लेकर डॉक्टर के पास जाना चाहते हैं! परिवार वाले इन लक्षणों को बुढ़ापे का नतीजा समझ कर नकार देते हैं। वे यह नहीं सोचते कि सलाह पाने से स्थिति में सुधार हो सकता है। उन्हें यह भी नहीं पता होता है कि व्यक्ति को सहायता की ज़रूरत है। व्यक्ति के बदले हुए व्यवहार को परिवार वाले हट्टीपन या चरित्र का दोष या पागलपन समझते हैं, और कभी दुःखी और निराश होते हैं, तो कभी व्यक्ति पर गुस्सा करने लगते हैं।

निदान (diagnosis) क्यों ज़रूरी है? अगर कोई व्यक्ति डिमेंशिया के लक्षणों से परेशान हों तो डॉक्टर से सलाह करनी चाहिए। डॉक्टर जांच करके पता चलाएंगे कि यह लक्षण किस रोग के कारण हो रहे हैं। हर भूलने का मामला डिमेंशिया नहीं होता–हो सकता है कि लक्षण किसी दूसरी समस्या के कारण हों, जैसे कि अवसाद (depression)। या हो सकता है कि यह लक्षण ऐसे रोग के कारण हैं जो दवाई से पूरी तरह ठीक हो सकता है। एक उदाहरण है थाइरोइड (thyroid) होरमोन की कमी होना)। कुछ प्रकार के डिमेंशिया ऐसे भी हैं जिनका उपचार तो नहीं, पर फिर भी दवाई से कुछ रोगियों को लक्षणों से कुछ आराम मिल सकता है। यह सब तो डॉक्टर की जांच के बाद ही पता चल सकता है।

डिमेंशिया किस को हो सकता है? डिमेंशिया शब्द अँग्रेज़ी का शब्द है, परन्तु इससे ग्रस्त व्यक्ति हर देश, हर शहर, हर कौम में पाए जाते हैं। इसकी संभावना उम्र के साथ बढ़ती है। अगर आप बुजुर्गों के किस्से सुनें तो पायेंगे कि परिवार ने जिसे एक अधेढ़ उम्र के व्यक्ति का अटपटा व्यवहार समझा था, वह व्यवहार शायद डिमेंशिया के कारण था। चूंकि डिमेंशिया अँग्रेज़ी का शब्द है, इसलिए देवनागरी लिपि में इसे लिखने के कई तरीके हैं, जैसे कि, डिमेन्शिया, डिमेंशिया डिमेंश्या, डिमेंटिया, डेमेंटिया, इत्यादि। कुछ लोग इसके लिए संस्कृत के शब्द, मनोभ्रंश का इस्तेमाल करते हैं।

विश्व भर में डिमेंशिया की पहचान पिछले कुछ दशक में ज्यादा अच्छी तरह से हुई है, और अब डॉक्टरों का मानना है कि यह लक्षण उम्र बढ़ने का साधारण अंग नहीं हैं। जो रोग डिमेंशिया का कारण हैं, उन पर शोध हो रहा है ताकि बचाव और इलाज के तरीके ढूंढें जा सकें। आजकल भी, डिमेंशिया से ग्रस्त व्यक्तियों और उनके परिवार वालों के आराम के लिए कुछ उपाय मौजूद हैं, जिससे व्यक्ति और उनके परिवार वाले ज्यादा सरलता और सुख से रह सकें, लक्षणों की वजह से हो रही तकलीफें कम हो जाएँ, और घर के माहौल का तनाव कम हो।

क्या डिमेंशिया भारत में गंभीर समस्या है?कुछ लोग अब भी सोचते हैं कि डिमेंशिया भारत में आम समस्या नहीं है| अफ़सोस, सच तो यह है कि यह भारत में भी एक गंभीर समस्या है| जनवरी 2023 में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार 60+ की आयु वर्ग में डिमेंशिया का अनुमान 8.44% है, जिसका अर्थ है कि भारत में डिमेंशिया से ग्रस्त लोगों की संख्या करीब एक करोड़ (100 लाख) है। डिमेंशिया बड़ी उम्र के लोगों में अधिक होता है,और जैसे जैसे भारत में बुजुर्गों का अनुपात बढ़ता जा रहा है, डिमेंशिया से ग्रस्त व्यक्तियों का अनुपात भी बढ़ता जाएगा और यह समस्या अनेक परिवारों के जीवन को छूने लगेगी| जानकारी न हो तो परिवार पहचान नहीं पायेंगे कि उनके प्रियजन की समस्याएं इस रोग के कारण है। वे उचित निदान, उपचार और देखभाल नहीं कर पायेंगे। इसलिए डिमेंशिया के बारे में जानना और इस के प्रति सतर्क रहना बहुत जरूरी है।

डिमेंशिया और बुढ़ापे में फ़र्क है। डिमेंशिया से ग्रस्त व्यक्ति के साथ रहना किसी अन्य स्वस्थ बुज़ुर्ग के साथ रहने से बहुत फ़र्क है। डिमेंशिया की वजह से व्यक्ति के सोचने-करने की क्षमता पर बहुत असर होता है, और परिवार वालों को देखभाल के तरीके उसके अनुसार बदलने होते हैं। व्यक्ति से बातचीत करने का, उनकी सहायता करने का, और उनके उत्तेजित या उदासीन मूड को संभालने का तरीका बदलना होता है। समय के साथ रोग के कारण मस्तिष्क में बहुत अधिक हानि हो जाती है, और व्यक्ति ज़्यादा निर्भर होते जाते हैं। परिवार वालों को देखभाल के लिए दिन भर व्यक्ति के साथ रहना पड़ता है, और इस को संभव बनाने के लिए अपनी अन्य जिम्मेदारियों में समझौता करना पड़ता है।

डिमेंशिया सिर्फ बुढापे में ही नहीं, पहले भी हो सकता है (जैसे कि 30, 40 या 50 साल में) । कई लोग सोचते हैं कि डिमेंशिया बुढ़ापे की बीमारी है, और सिर्फ बुजुर्गों में पायी जाती है, पर कुछ प्रकार के डिमेंशिया जल्दी शुरू हो सकते हैं। WHO (वर्ल्ड हेल्थ ऑरगैनाइज़ेशन, विश्व स्वास्थ्य संगठन ) का अनुमान है कि 65 साल से कम उम्र में होने वाले डिमेंशिया (जिसे younger onset या early onset कहते हैं) अकसर पहचाने नहीं जाते और ऐसे केस शायद 6 से 9 प्रतिशत हैं।

उचित देखभाल रोगियों और परिवार की खुशहाली के लिए बहुत ज़रूरी है। फिलहाल, अधिकांश डिमेंशिया में दवाई की भूमिका सीमित है। कुछ केस में दवाई लक्षणों से कुछ राहत पहुंचा पाती है, इसलिए डॉक्टर की सलाह ले लेनी चाहिए। क्योंकि डिमेंशिया का सिलसिला कई साल तक चलता है, इसलिए डिमेंशिया वाले व्यक्ति और परिवार की खुशहाली उचित देखभाल पर निर्भर है। यदि परिवार वाले यह समझ पाएँ कि डिमेंशिया वाले व्यक्ति को किस प्रकार की दिक्कतें हो रही हैं, और वे व्यक्ति से अपनी उम्मीदें उसी हिसाब से रखें और मदद के सही तरीके अपनाएँ तो स्थिति सहनीय रह पाती है, वरना व्यक्ति और परिवार, दोनों के लिए बहुत तनाव बना रहता है। कारगर देखभाल के लिए डिमेंशिया को समझना और सम्बंधित देखभाल के तरीके समझना आवश्यक है।

इस वेबसाइट, डिमेंशिया केयर नोट्स, हिंदी (dementiahindi.com) पर डिमेंशिया की देखभाल के लिए जानकारी, संसाधन, सलाह, सुझाव, और अनेक परिवारों की कहानियाँ है, जिससे डिमेंशिया से ग्रस्त व्यक्ति की देखभाल करने वाले डिमेंशिया के रोग को समझ पाएँ, और व्यक्ति की देखभाल कैसे करें, यह सोच पाएँ। वेबसाइट पर विशेष रूप से भारत में रहने वाले परिवारों के लिए जानकारी और सलाह है।

डिमेंशिया की देखभाल के तरीके अलग हैं। क्योंकि लोग डिमेंशिया और सामान्य बुढापे में अंतर नहीं समझते, इसलिए वे डिमेंशिया से पीड़ित व्यक्ति के साथ ऐसे पेश आते हैं जैसे कि व्यक्ति की याददाश्त या अन्य किसी क्षमता में कोई कमी ही नहीं है। वे व्यक्ति से उम्मीद रखते हैं कि वे उनकी बात समझ सकेंगे, और थोड़ी कोशिश करे तो अपना काम भी कर सकेंगे। यह सब डिमेंशिया वाले व्यक्ति के लिए खासी मुश्किल पैदा कर देता है , और वे परेशान हो जाते हैं तो गुस्सा करने लगते हैं , या संकोच करने लगते हैं और मेल-जोल और बातचीत बंद कर देते हैं। परिवार वाले समझ नहीं पाते कि व्यक्ति से बात करें तो कैसे, मदद कब और कैसे करें, और उनकी उत्तेजना या अन्य अजीब व्यवहार को कैसे संभालें।

परिवार वाले यदि डिमेंशिया की सच्चाई को समझ पायें, और अपने बोलने और मदद करने का तरीका बदल पायें, तो उन को और डिमेंशिया वाले व्यक्ति को, दोनों को आराम पहुंचेगा।

देखभाल के लिए क्या जानना ज़रूरी है? यदि आप किसी डिमेंशिया से ग्रस्त व्यक्ति की देखभाल कर रहे हैं, और दिक्कतों का सामना कर रहे हैं, तो पहले कुछ ऐसी बातें पढ़ें और ऐसे उपाय देखें जिन से आपके देखभाल करने में तुरंत आसानी हो सके। जैसे कि, डिमेंशिया से ग्रस्त व्यक्ति से बातचीत कैसे करें, मदद कैसे करें, मुश्किल व्यवहार तो कैसे समझें और कम करें। आप पहले इस पृष्ठ को देखें: देखभाल करने वालों के लिए ज़रूरी लिंक

इस साईट पर:

  • डिमेंशिया क्या है, किन रोगों से होता है, निदान कैसे होता है, इलाज है या नहीं, यह बढ़ता कैसे है, इसका व्यवहार पर क्यों और कैसे प्रभाव पड़ता है, भारत में डिमेंशिया और देखभाल की क्या स्थिति है, इन सब विषयों के बारे में इस सेक्शन के पृष्ठ देखे: : डिमेंशिया के बारे में जानकारी
  • डिमेंशिया के देखभाल का सिलसिला कई साल चलता है (यह एक दशक से ज्यादा भी हो सकता है), और अगर परिवार तनाव से मुक्त रहना चाहे तो देखभाल के लिए सही तरह से प्लान करना होगा। इस सेक्शन में देखभाल के विषय पर अनेक पृष्ठ हैं: देखभाल करने वालों के लिए। बुजुर्गों की देखभाल संबंधी कोविड महामारी से प्राप्त सीख भी इन पृष्ठों में जोड़ी गई है।
  • डिमेंशिया के देखभाल करने वालों के कई इंटरव्यू हमारे अँग्रेज़ी साईट पर है। भारत में डिमेंशिया देखभाल संबंधी अनुभव वाले लेखों और ब्लॉग के लिंक भी हैं। इन सबके संशिप्त परिचय इस हिंदी साईट पर यहाँ देखें: डिमेंशिया संबंधी कुछ आवाजें, कुछ इंटरव्यू । इस सेक्शन में समाचार पत्रों इत्यादि में हिंदी में उपलब्ध कुछ लेखों के लिंक भी हैं ।
  • डिमेंशिया समझने के लिए और देखभाल के तरीके जानने के लिए तैयार किये गए वीडिओ आर प्रेजेनटेशन इस सेक्शन में हैं: वीडिओ औरप्रेजेनटेशन
  • डिमेंशिया और देखभाल की जानकारी के लिए अन्य उपलब्ध साधन के लिए, और भारत में डिमेंशिया के लिए सेवाओं और संस्थायों के लिए देखें यह सेक्शन: अन्य डिमेंशिया संसाधन
  • सम्पर्क जानकारी यहाँ है: सम्पर्क करें

साईट के पृष्ठ की सूची के लिए यहाँ क्लिक करें: साईट मैप

यह DEMENTIA HINDI वेबसाइट हमारे अँग्रेज़ी वेबसाइट, DEMENTIA CARE NOTES का हिंदी संस्करण है। इस DEMENTIA HINDI वेबसाइट पर डिमेंशिया और देखभाल पर चर्चा हमारे अँग्रेज़ी वेबसाइट जैसे ही हैं| कुछ विषयों पर चर्चा अँग्रेज़ी वेबसाइट के मुकाबले संक्षिप्त है| अगर आप अँग्रेज़ी में जानकारी का प्रयोग कर सकते हैं, तो हमारे अँग्रेज़ी वेबसाइट पर अन्य पुस्तकों, लेख, ब्लॉग, वीडियो, वगैरह के लिंक भी हैं, जो शायद आपके काम आएँ|

DEMENTIA HINDI वेबसाइट का विस्तृत अँग्रेज़ी संस्करण यहाँ उपलब्ध है: DEMENTIA CARE NOTESOpens in new window

कुछ ऐसे भी विषय हैं जिन में हिंदी में जानकारी आसानी से नहीं मिल पाती| इसलिए इन विषयों पर ख़ास तौर से इस साईट पर हिंदी पृष्ठ उपलब्ध करे गए हैं|

अन्य जानकारी या सहायता के लिए सम्पर्क पृष्ठ पर उपलब्ध ई-मेल से हमसे अँग्रेज़ी या हिंदी में सम्पर्क कर सकते हैं, और हम उसी भाषा में जवाब देंगे। इस वेबसाइट पर आने के लिए धन्यवाद!

This Dementia Hindi website provides dementia and related care information in Hindi, and all content on this site is written in the context of dementia home care in India. This is not a medical site.

अस्वीकरण: यह वेबसाइट सिर्फ जानकारी देने के लिए है। यह चिकित्सा या अन्य प्रोफेशनल सलाह देने के लिए नहीं है। कृपया अपनी व्यक्तिगत स्थिति के लिए उपयुक्त विशेषज्ञ से परामर्श करें।

डिमेंशिया केयर नोट्स (हिंदी )